संकल्प वेलफेयर सोसायटी ने शुरू किया जल संचय अभियान

Politics
Spread the love

अमरीश

हरिद्वार, 19 मई। संकल्प वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष रविश भटीजा ने शहर भर में सार्वजनिक जगहों पर बह रहे नलों की टोंटियां बदलने का अभियान शुरू किया। जल बचाओ जीवन बचाओ नारे के साथ टीम के सदस्यों द्वारा भगत सिंह चैक, ब्रह्मपुरी, रेलवे अंडरपास, रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में बह रहे खराब नलों के स्थान पर नए नलों को लगाकर जल संरक्षण का संदेश दिया। रविश भटीजा ने कहा कि गर्मी बढ़ रही है। जल संचय जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की सुविधाओं के लिए लगाए गए नल लापरवाही के कारण खराब हो जाते हैं।

जल बहने के कारण जल संचय नहीं हो पाता है। धर्मनगरी में बाहर से आने वाले यात्रियों की सुविधाओं के लिए सड़कों चौराहों पर पीने के पानी की सुविधा की गयी है। नलों को ठीक रखने का उत्तरदायित्व भी सभी को निभाना चाहिए। जल संचय करना नितांत आवश्यक है। जल ही जीवन है। सरकार भी लगातार जल संचय को लेकर जनजागरूकता कर रही है। हमें भी खराब नलों को ठीक करना चाहिए। जिससे जल की बर्बादी रूक सकेगी। जल के संकट को भी समाप्त किया जा सकता है। प्रवेश त्यागी ने कहा कि निस्वार्थ सेवाभाव से यह अभियान हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। लाॅकडाउन होने के कारण अभियान कुछ समय के लिए रोक दिया गया था।

लाॅकडाउन के चौथे चरण में सरकार की ओर से राहत मिलने पर अभियान को पुनः शुरू किया गया है। जल बचाओ जीवन बचाओ के नारे के साथ टीम के सदस्य पानी की लीकेज, खराब नलों आदि को ठीक करने काम कर रहे हैं। जल संस्थान के अधिकारियों को भी पानी लीकेज की जानकारियां टीम के सदस्यों द्वारा समय समय पर दी जाती रही हैं। पानी लीकेज के कारण हजारों गैलन पानी बर्बाद हो जाता है। सभी को जागरूक होकर जल बचाना चाहिए। इस दौरान रविन्द्र नेगी ने भी अभियान की सराहना की। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *