उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 477 छात्र-छात्राएं होंगे परीक्षा में शामिल

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


गुरुकुल संस्कृत विद्यालय, जगदेव संस्कृत विद्यालय सप्तसरोवर, ऋषिकुल विद्यापीठ में बनाए गए परीक्षा केंद्र
हरिद्वार, 13 फरवरी। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 18 से 27 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा हरिद्वार डा.वाजश्रवा आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 10 (पूर्व मध्यमा) और कक्षा 12 (उत्तर मध्यमा) की बोर्ड परीक्षा में 477 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। गुरुकुल संस्कृत विद्यालय, जगदेव संस्कृत विद्यालय सप्तसरोवर और ऋषिकुल विद्यापीठ में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगी।

डा.वाजश्रवा आर्य ने बताया कि परीक्षा की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गयी है। परीक्षा में निष्पक्षता, सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संस्कृत शिक्षा अब केवल पारंपरिक कर्मकांड या धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रही। इस वर्ष महत्वपूर्ण बदलाव के तहत छात्रों के पाठ्यक्रम में जीव विज्ञान, भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित जैसे विषयों को शामिल किया गया है।

इससे पहले संस्कृत माध्यम के छात्र इन विज्ञान विषयों में आगे नहीं बढ़ पाते थे। लेकिन छात्र अब मेडिकल, इंजीनियरिंग सहित किसी भी क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। डा.आर्य ने जोर देकर कहा कि छात्रों में यह धारणा थी कि संस्कृत पढ़ने वाले केवल पूजा-पाठ या कर्मकांड तक सीमित रहते हैं, लेकिन नया पाठ्यक्रम इस सोच को तोड़ रहा है। संस्कृत शिक्षा अब आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ जुड़कर छात्रों को बहुमुखी प्रतिभा प्रदान कर रही है। वे किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *