स्कूली शिक्षा में कौशल विकास को नई धार: भारतीय शिक्षा बोर्ड ने तीन राष्ट्रीय स्किल काउंसिलों से किया एमओयू
–एलएससी अगले एक साल में बीएसबी के 25 विद्यालयों में स्थापित करेगी इंटीग्रेटेड लैब
–लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग और रबर-प्लास्टिक क्षेत्र के पाठ्यक्रम होंगे शामिल
हरिद्वार, 26 नवंबर। स्कूली शिक्षा को व्यावहारिक कौशल और उद्योग की जरूरतों से जोड़ने की दिशा में भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। बोर्ड ने लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल (एलएससी), फूड इंडस्ट्री कैपेसिटी एंड स्किल इनिशिएटिव (एफआईसीएसआई) तथा रबर, केमिकल एंड पॉलीमर स्किल डेवलपमेंट काउंसिल (आरसीपीएसडीसी) के साथ समझौता-ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया। एमओयू के दौरान योग गुरू स्वामी रामदेव की मौजूदगी रही। इस साझेदारी का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप कक्षा 9 से ही विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा और उद्योग-मान्य कौशल प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना है।
पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि परिसर्च सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए स्कूली शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल अर्जित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। तीनों स्किल काउंसिलों के सहयोग से लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण तथा रबर, केमिकल और पॉलीमर जैसे क्षेत्रों से जुड़े व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
स्वामी रामदेव ने दिया आशीर्वाद, कौशल विकास के विभिन्न आयामों पर रखे विचार
एमओयू के दौरान स्वामी रामदेव ने कौशल विकास के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने स्किल डवलपमेंट पर जोर दिया और शिक्षा में इसके समावेश पर बल दिया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर उन्होंने सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन डॉ एनपी सिंह ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का परिचय कराया। बोर्ड की ओर से वोकेशनल एवं स्किल डेवलपमेंट की प्रमुख तथा वरिष्ठ शोधकर्ता डॉ. निधि गुसाईं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। तीनों स्किल काउंसिलों की ओर से महाप्रबंधक (जीएम), सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
एक साल में 25 विद्यालयों में बनेंगी इंटीग्रेटेड लैब
समझौते के साथ ही कार्यक्रम में कौशल प्रशिक्षण के बुनियादी ढांचे को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा भी हुई। लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविकांत यामर्थी ने बताया कि एलएससी अगले एक वर्ष के दौरान भारतीय शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत उत्तर भारत के लगभग 25 विद्यालयों में इंटीग्रेटेड लैब स्थापित करेगी। इन प्रयोगशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को संबंधित व्यावसायिक क्षेत्रों का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
तीन क्षेत्रों के पाठ्यक्रमों से खुलेंगे कौशल और स्वरोजगार के अवसर
लॉजिस्टिक्स सेक्टर: 2030 तक 47 लाख अतिरिक्त कर्मियों की जरूरत
लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविकांत यामर्थी उपस्थित रहे। इस क्षेत्र के अंतर्गत वेयरहाउस एसोसिएट, लैंड ट्रांसपोर्टेशन एसोसिएट, सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव और ई-कॉमर्स डिलीवरी एसोसिएट जैसे पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं।
परिषद के अनुसार, वर्ष 2030 तक लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में लगभग 47 लाख अतिरिक्त कर्मियों की आवश्यकता होगी। ऐसे में इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को गोदाम प्रबंधन, परिवहन, सप्लाई चेन और डिलीवरी सेवाओं से जुड़े कौशल सीखने का अवसर मिलेगा। इस क्षेत्र में रोजगार के साथ-साथ स्वयं के उद्यम स्थापित करने की संभावनाएं भी हैं।
फूड प्रोसेसिंग: खाद्य उद्योग से जुड़ेंगे व्यावहारिक कौशल
फूड इंडस्ट्री कैपेसिटी एंड स्किल इनिशिएटिव (एफआईसीएसआई) का प्रतिनिधित्व महाप्रबंधक (संचालन) सुश्री संतोष पुनिया ने किया। इसके अंतर्गत बेकिंग, फल एवं सब्जी प्रसंस्करण, अचार एवं परिरक्षण तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम शामिल हैं।
खाद्य उद्योग में उत्पादन, गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े प्रशिक्षित कर्मियों की आवश्यकता को देखते हुए ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इसके साथ ही बेकरी और खाद्य उत्पादों की छोटी इकाइयां स्थापित कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
रबर, केमिकल और पॉलीमर: रीसाइक्लिंग व पर्यावरण प्रबंधन पर जोर
रबर, केमिकल एंड पॉलीमर स्किल डेवलपमेंट काउंसिल (आरसीपीएसडीसी) की ओर से अध्यक्ष अर्जन धवन तथा मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) रिटायर्ड मेजर जनरल अतुल पन्नू सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस काउंसिल के अंतर्गत प्लास्टिक वेस्ट सेग्रीगेटर, प्लास्टिक वेस्ट रीसाइक्लिंग एवं प्रोसेसिंग में असिस्टेंट ऑपरेटर और लैब केमिस्ट (रबर) जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपशिष्ट पृथक्करण, रीसाइक्लिंग और संबंधित औद्योगिक प्रक्रियाओं का कौशल सिखाया जाएगा। इस क्षेत्र में रोजगार के साथ रीसाइक्लिंग एवं उत्पाद निर्माण से जुड़ी छोटी इकाइयां स्थापित करने की संभावनाएं भी हैं।
प्रशिक्षण से प्रमाणपत्र तक: व्यावहारिक शिक्षा पर रहेगा जोर
तीनों स्किल काउंसिलों के सहयोग से संचालित होने वाले पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से प्रयोगशाला आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों का तृतीय-पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा और सफल विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
इन प्रमाणपत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप, उच्च शिक्षा और उद्यमिता के अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी। इस पहल के तहत स्कूली स्तर पर ही विद्यार्थियों को पारंपरिक अकादमिक शिक्षा के साथ विभिन्न उद्योगों की कार्यप्रणाली और उनसे जुड़े कौशल से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।




