तनवीर
हरिद्वार, 14 मार्च। नकदी व सोना डबल करने का लालच देकर महिला से ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से कुंडल व साढ़े नौ हजार रूपए बरामद हुए हैं। 12 फरवरी को ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्रांगर्त राजीव नगर गोविंदपुरी निवासी महिला ने घर आए तीन युवकों पर सम्मोहित कर पैसे व सोना डबल करने का लालच देकर 50 हजार नकद व कान के कुंडल ठग ले जाने आरोप लगाते हुए मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए रेल चौकी प्रभारी एसआई समीप पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया।
आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ठगी की घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी जमशेद पुत्र गफ्फार निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी थाना विजयनगर गाजियाबाद मूल निवासी ग्राम पिपलेड़ा थाना धौलाना जनपद हापुड़ उ.प्र. को लालपुल ज्वालापुर जाने वाले मार्ग से दबोचकर उसके कब्जे से नकदी व कुंडल बरामद कर लिए। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी पुनः ठगी की घटना को अंजाम देने के लिए हरिद्वार आया था। पुलिस टीम में एसएसआई खेमेंद्र गंगवार, एसआई समीप पाण्डेय, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, कांस्टेबल अर्जुन चौहान, सुनील शर्मा, नवीन छेत्री, सीआईयू कांस्टेबल पदम सिंह व हरवीर सिंह शामिल रहे।


