तनवीर
हरिद्वार, 11 मई। वसुधैव कुटुम्बकम् फाउंडेशन ने कनखल आर्यनगर रोड स्थित पातंजल योगधाम आश्रम में कार्यक्रम का आयोजन कर जरूरतमंद बच्चों के साथ मदर डे मनाया। कार्यक्रम में 33 जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरित की गई। बच्चों ने अपनी फाउंडेशन की माताओं के साथ केक काटा और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था द्वारा बच्चों एवं उपस्थित लोगों को अप्लाहार भी वितरित किया। फाउंडेशन की अध्यक्ष रेनू अरोड़ा ने कहा कि शिक्षित बच्चे ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं।
संस्था का प्रयास है कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने। मदर डे पर कार्यक्रम का आयोजन कर बच्चों को एहसास कराया गया कि समाज ही उनका परिवार है और हम सब उनकी माताएं हैं। उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम् केवल नारा नहीं, बल्कि संस्था संकल्प है और मासूमों की मुस्कान और उनकी आंखों की चमक ही संस्था की असली पूंजी है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा प्रकल्प जारी रखने का संकल्प दोहराया और कहा कि सारा संसार हमारा परिवार है और हर बच्चे की शिक्षा हमारी जिम्मेदारी है।
उपाध्यक्ष प्रीति आहूजा ने कहा कि संस्था की और से बच्चों को प्यार देकर उन्हें अहसास कराया कि जन्म देने वाली मां के अलावा जो ममता दे वो भी मां ही है। शिक्षा के साथ संस्कार देना भी संस्था का दायित्व है। संस्था की सेवा यात्रा रुकने वाली नहीं है। इस दौरान निधि अग्रवाल, विनीता सिकोरिया, सोनिया अरोड़ा, संगीता, निधि चावला, रुचि तनेजा, रुचि अरोड़ा, सोनिया भाटिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रही।


