हरिद्वार, 12 नवम्बर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार, तेरह नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूजा-अर्चना के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे, जिसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ हो जाएगा। तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वही, सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व का समापन होगा।
ज्योतिषाचार्य रितेश कुमार तिवारी ने बताया कि छठ महापर्व का विशेष संबंध कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि से है। इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। कहा कि सूर्यदेव को अर्घ्य देने से आरोग्य, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान के बाद शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन ग्रहण करते हैं। दूसरे दिन खरना का विशेष महत्व है। इस दिन पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और अन्य पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया जाता है।
इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। उन्होंने बताया कि छठ पूजा के तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसके अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रत का पारण किया जाता है। मूल रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से मनाया जाने वाला यह पर्व अब देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
धर्मनगरी हरिद्वार में भी छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। घरों में पूजा और प्रसाद की तैयारियां शुरू हो गई हैं। व्रती भगवान सूर्य एवं छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।




