तनवीर
हरिद्वार, 13 जुलाई। हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान के लिए आने वाले दिव्यांगों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए खास लिफ्ट चेयर लगाई गई है। लिफ्ट चेयर की सहायता से श्रद्धालु आसानी से पैड़ीयां पारकर गंगा स्नान के लिए नीचे उतर पा रहे हैं। हरकी पैड़ी की व्यवस्था संभालने वाली तीर्थ पुरोहितों की संस्था श्रीगंगा सभा की ओर से ये खास लिफ्ट चेयर लगाई गई है।
इससे पहले गंगा सभा के सेवादारों द्वारा बुजुर्गों को सहारा देकर नीचे लाया जाता था और गंगा स्नान करने के बाद उन्हें वापस ले जाया जाता था। लेकिन लिफ्ट चेयर लगने से दिव्यांग और बुजुर्ग आसानी से घाट तक पहुंच पा रहे हैं। दूर-दूर से हरकी पैड़ी पर पहुंचने वाले दिव्यांग और बजुर्ग श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं, और श्रींगंगा सभा के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।
श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने बताया कि स्नान के लिए आने वाले दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुजनों की सुविधा के लिए लिफ्ट चेयर लगायी गयी है। रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।


