हरिद्वार, 29 जुलाई। ऑपरेशन प्रहार के तहत जरायम पेशेवरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पथरी पुलिस ने पांच हजार के ईनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। जमीन धोखाधड़ी के मामले में नामजद आरोपी 6 महीने से फरार चल रहा था। थाना पुलिस ने जमीन की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के पांच लोगों के खिलाफ जनवरी में गैंगस्टर एक्ट में मुकद्मा दर्ज किया था।
जिनमें से 4 को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन रोमी चौहान उर्फ सेठजी पुत्र एन्थोनी निवासी सोनालीपुरम म.न. 411 आईआईटी रुड़की लगातार फरार चल रहा था। एसएसपी ने उस पर पांच हजार रूपए का ईनाम घोषित किया था। मंगलवार को पुलिस टीम ने उसे सुभाषगढ़ तिराहे से दबोच लिया। पुलिस टीम में एसएसआई उपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र पुंडीर, रविंद्र बिष्ट, मुकेश चौहान व दीपक चौधरी शामिल रहे।


