श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी ने किया एलएलएम की डिग्री प्राप्त करने पर वरिष्ठ पत्रकार अनिल बिष्ट को सम्मानित

Haridwar News
Spread the love


निरंतर ज्ञान अर्जित करने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफलता प्राप्त करता है-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 31 जुलाई। चरण पादुका मंदिर परिसर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज, श्रीमहंत दर्शन भारती महाराज तथा मुख्य विकास अधिकारी डा.ललित नारायण मिश्र ने एलएलएम की डिग्री प्राप्त करने पर वरिष्ठ पत्रकार अनिल बिष्ट को सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर श्रीमहंत डा.रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि मनुष्य को जीवन भर विद्यार्थी बने रहना चाहिए। सीखने की भावना कभी समाप्त नहीं होनी चाहिए, क्योंकि निरंतर ज्ञान अर्जित करने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफलता, संस्कार और आत्मिक उन्नति प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा का विशेष महत्व है। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन जीने की सही दिशा भी दिखाते हैं। यदि व्यक्ति विनम्रता के साथ सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखे तो वह हर परिस्थिति से कुछ न कुछ सीखकर स्वयं को बेहतर बना सकता है।

श्रीमहंत डा.रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि उत्तम चरित्र, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का विकास भी होना चाहिए। विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच अपनाकर युवा समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। श्रीमहंत दर्शन भारती महाराज ने कहा कि गुरु के सान्निध्य में प्राप्त शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है। आध्यात्मिक ज्ञान और नैतिक संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी है।

विद्यार्थियों को विनम्रता, सेवा और अनुशासन को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी डा.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि उनमें सीखने की जिज्ञासा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो जाए तो वे समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। सीओ भावना कैंथोला ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाती है।

विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए कानून का सम्मान, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना को भी जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। निरंतर सीखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी ही भविष्य में समाज का नेतृत्व करते हैं। जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया ने भी अनिल बिष्ट को शुभकामनाएं दी और कहा कि अनिल बिष्ट पत्रकारिता के साथ विधि के क्षेत्र में भी उच्च सफलता प्राप्त करेंगे।

अनिल बिष्ट ने सभी का आभार जताया और संत महापुरूषों के चरण छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान सुनील दत्त पाण्डेय, मुदित अग्रवाल, रामेश्वर गौड़, प्रमोद गिरि, महावीर नेगी, सुमित यश कल्याण, सुमेश, विकास चौहान, मनोजानंद, वासु राजपूत, राजकुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply