विडियो:-हरिद्वार के मुख्य बाजार अपर रोड में धंसी सड़क, स्कूल बस बाल-बाल बची

Haridwar News
Spread the love

हरिद्वार। हरकी पैड़ी जाने वाले मुख्य बाजार अपर रोड में नगर कोतवाली के पास अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूल बस सड़क में धंस गई। गनीमत रही कि हादसे के समय बस में स्कूली बच्चे सवार नहीं थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां हाल ही में सड़क की मरम्मत का कार्य कराया गया था। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सड़क धंसने की सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू कराया।

व्यस्त बाजार में सड़क धंसने की घटना से स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में नाराजगी देखी गई। व्यापारियों ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजार में भारी भीड़ रहती है, ऐसे में ऐसी घटना किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। डीएम ने कहा कि जांच में यदि किसी विभाग या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply