हरिद्वार, 25 सितम्बर। राजभाषा हिन्दी के कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए बीएचईएल की हरिद्वार इकाई को बीएचईएल की राजभाषा उत्कृष्टता सम्मान योजना के अंतर्गत बड़ी इकाई (क एवं ख क्षेत्र) वर्ग में गत तीन वर्षों से लगातार प्रथम स्थान पर रहने पर इस वर्ष अति विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.सदाशिव मूर्ति ने नई दिल्ली स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में प्रबंधन समिति की बैठक के दौरान हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार को प्रदान किया। अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.सदाशिव मूर्ति ने सभी पुरस्कृत इकाइयों के प्रमुखों को बधाई देते हुए कहा कि हिंदी में काम करना आत्म गौरव का विषय है।
कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने पुरूस्कार का श्रेय समस्त विभागीय राजभाषा समितियों एवं हरिद्वार इकाई के सभी कर्मचारियों को दिया। इस अवसर पर बीएचईएल निदेशक मंडल के सदस्य मौजूद रहे।


