हरिद्वार, 10 अक्टूबर। पद्म विभूषण से सम्मानित भारत के पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने वाल्मीकि चौक स्थित महानगर कार्यालय में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उत्तराखंड के सहप्रभारी महंत शुभम गिरी ने कहा कि स्व.मुलायम सिंह यादव गरीबों के मसीहा थे। यूपी के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्होंने जनता के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद पर रहते हुए उनके कार्यो को आज भी याद किया जाता है। महंत शुभम गिरी ने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव स्व.मुलायम सिंह यादव के संघर्ष को आगे बढ़ रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सपा सरकार बनेगी और गरीब कल्याण नीतियों को आगे बढ़ाया जाएगा। श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व उपाध्यक्ष डा.राजेंद्र पाराशर, मशकूर अहमद कुरेशी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लव कुमार दत्ता, आशीष यादव, शिवानंद बाबा, मंगल, तरुण ठाकुर, अजय अग्रवाल सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।




