हरिद्वार, 30 अक्टूबर। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे गंगा स्वच्छता अभियान के तहत शुक्रवार को कुशावर्त घाट की साफ सफाई की गयी। खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवियों और पर्यावरण मित्रों ने मिलकर सफाई कार्य किया।
इस दौरान करीब आठ टन कचरा एकत्र कर हटाया गया। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने अभियान में शामिल सभी लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए गंगा और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सामूहिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया और घाटों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।
सफाई अभियान में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.पवन कार्की, सहायक नगर आयुक्त प्रशांत पांडे, सुनील मेहर, अंजली चंद, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अनिल कुमार और आकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में नगर निगम के कर्मचारी शामिल रहे।




