हरिद्वार, 11 नवम्बर। गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुुए नगर कोतवाली पुलिस द्वारा एक आरोपी को एक माह के लिए जिला बदर किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने शातिर एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसपी सिटी एवं सीओ सिटी के पर्यवेक्षण तथा नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में समाज विरोधी एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रभावी पैरवी की जा रही है।
पुलिस की ठोस पैरवी के चलते जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा अभियुक्त सुनील पुत्र समय सिंह निवासी मोहल्ला काशीपुरा मंशा देवी मार्ग के विरुद्ध जिला बदर के आदेश पारित किए गए थे। आदेश के अनुपालन में कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी को आदेश की तामील कराते हुए मुनादी कराई गई तथा जनपद की सीमाओं से बाहर कर जिला बदर की कार्रवाई की गई।




