हरिद्वार, 27 नवम्बर। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर डा.भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति, जनजाति वेलफेयर सोसाइटी द्वारा शिवालिक नगर में भारतीय संविधान के नाम एक शाम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। दूरदर्शन उत्तराखंड के सेवानिवृत्त उपनिदेशक कुलभूषण की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ शहरी विकास विभाग सचिवालय देहरादून के सहायक निदेशक विनोद कुमार आर्य, विशिष्ट अतिथी उत्तर प्रदेश के सेवानिवृत्त ज्वाइंट डेवलपमेंट कमिश्नर देवेंद्र कुमार, बीआरओ के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर पदम कुमार, बामसेफ के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह एवं सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बाबा साहेब डा.भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया और सभी ने संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि विनोद कुमार आर्य ने कहा कि बाबा साहब डा.भीमराव अंबेडकर ने विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान हमें दिया। जिसमें हर नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, यह हमारे जीवन जीने की पद्धति है। यह हमें बताता है कि हमारा कर्तव्य क्या है और हमारा अधिकार क्या है। विशिष्ट अतिथि देवेंद्र कुमार ने कहा कि बाबा साहब डा.अंबेडकर का जीवन संघर्ष, त्याग और ज्ञान की मिसाल है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और करोड़ों वंचितों को अधिकार दिलाए। अति विशिष्ट अतिथि पदम कुमार गौतम ने कहा कि संविधान ही वह शक्ति है, जो देश को एक सूत्र में बांधती है। विशिष्ट अतिथि भंवर सिंह ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं है, यह हमारे अधिकारों के प्रति जागरूकता का दिन है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में असमानता, भेदभाव और शोषण मौजूद है। बहुजन समाज को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करना ही बामसेफ का उद्देश्य है। जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति न्याय नहीं पाएगा, तब तक बाबा साहब का सपना अधूरा रहेगा। वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव सीपी सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान को सुरक्षित करने के लिए 10 फीसदी लोग ही बहुत बड़ी अलख जगा सकते हैं और कोई भी कुर्बानी करने के लिए तैयार रहेंगे। संविधान सुरक्षित रहेगा तो शिक्षा और रोजगार भी सुरक्षित रहेंगे। सीपी सिंह ने कहा कि 14 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा समरसता भवन एवं बारात घर के निर्माण की घोषणा को अब तक मूर्त रूप नही दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा उस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवालिक नगर में डा.भीमराव अंबेडकर पार्क के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड एससी आयोग नई दिल्ली एवं उत्तराखंड से पत्राचार किया गया। पार्क बनकर तैयार हो गया है। लेकिन नगर पालिका शिवालिक नगर पार्क का नामकरण करने को तैयार नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलभूषण ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में चेतना जगाने का काम करते हैं। कार्यक्रम में सोसाइटी के अध्यक्ष भोपाल सिंह, महासचिव चंद्रपाल सिंह, कोषाध्यक्ष देवेंद्र भास्कर, तकनीकी शिक्षा उत्तराखंड सेवानिवृत्ति उपनिदेशक नाथीराम, ममता, राजेंद्र श्रमिक, वीरेंद्र श्रमिक, भंवर सिंह, दर्शनलाल, भोपाल सिंह, तीर्थपाल, वीरेश कुमार, शीशपाल, गुलाब राय, वीरेंद्र कुमार, डा.के.पी.भोरे, विक्रम सिंह तेजियान, कमलेश्वर सागर, ऋषिपाल, प्रभुदयाल, मेहर सिंह, यशपाल सिंह, राजीव रंजन, गरीबदास, एसआर विकल, आरएल व्यास, प्रकाशी देवी पत्नी, रोमा, सुनील कुमार, बीआर चौधरी, जगराम, धर्म सिंह, दिनेश अग्रवाल, विनोद तोमर, रोशन लाल, दीपेंद्र, नरेंद्र कुमार, नेपाल गुप्ता, गीता कुमारी, राजकुमारी, राजेश्वरी, प्रतिभा, एससीएस भास्कर, लाल सिंह, सताई राम सहित में बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन, महिलाएं और युवा मौजूद रहे।




