तनवीर
हरिद्वार, 13 अगस्त। जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी की मृत्यु की न्यायिक जांच के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट को जांच अधिकारी नामित किया गया है। हत्या के आरोप में जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बन्दी आलिम पुत्र मासूम अली निवासी ग्राम लिब्बरहेड़ी थाना मंगलौर की बीती 30 जुलाई को मृत्यु हो गई थी। मृतक बंदी की मृत्यु के कारणों की मजिस्ट्रीयल जांच हेतु जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार द्वारा उप जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
उपजिला मजिस्ट्रेट को इस संबंध में जांच कर 15 दिन में जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। इस संबंध में यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार का मौखिक अथवा अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता है या लिखित बयान दर्ज कराना चाहता है, तो वह एक सप्ताह के अन्दर किसी भी कार्य दिवस में सवेरे 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक कलेक्ट्रेट भवन रोशनाबाद स्थित उप जिला मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी हरिद्वार के कार्यालय में उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज करा सकता है अथवा सूचना प्रस्तुत कर सकता है।


