अमरीश
हरिद्वार, 30 अगस्त। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अखिल भारतवर्षीय युवा यादव महासभा के जिला अध्यक्ष नितिन यादव यदुवंशी के संयोजन में रानीगली भूपतवाला की शिव नगर कालोनी में कार्यक्रम का आयोजन कर धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला सेवा योजना अधिकारी उत्तम कुमार ने युवाओं को वस्त्र वितरित किए। उत्तम कुमार ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन से समाज को सीख मिलती है। उन्होंने हमेशा बंुराईयों को अंत किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। देश की तरक्की में सभी को योगदान देना होगा। पर्वो से भारतीय संस्कृति की पहचान है। अखिल भारतवर्षीय युवा यादव समाज के जिला अध्यक्ष नितिन यादव ने कहा भगवान श्रीकृष्ण ने समाज को निष्काम सेवा का संदेश दिया। उनके दिखाए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। सच्ची सेवा से ही मानव कल्याण में योगदान दिया जा सकता है। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं आज भी समाज को प्रेरणा देती हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर नन्हे मुन्ने बालक बालिकाओं द्वारा राधा कृष्ण की मनमोहन प्रस्तुतियां दी जाती हैं। बालिकाओं को समाज में उचित स्थान दिलाने के लिए सभी को सहयोग करना चाहिए।
डा.सुशील शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं से समाज को ज्ञान की प्रेरणा मिलती है। हमेशा सच्चाई के मार्ग पर चलते हुए समाज के उत्थान में योगदान करना चाहिए। युवाओं को सनातन संस्कृति के अनुरूप आचरण करते हुए राष्ट्र सेवा में योगदान करना चाहिए। कार्यक्रम में तुषार कपिल, आकाश भाटी, एकलव्य गोस्वामी, गोविंद निषाद, करण सिंह राणा, सन्नी मल्होत्रा, ओम मालिक, नितिन शर्मा, मोनू राजपूत, विशाल निषाद, कुश पांडे, रोहित भटनागर आदि मौजूद रहे।