यज्ञ करने से प्रसन्न होते हैं देवी देवता-पंडित पवन कृष्ण शास्त्री

Dharm
Spread the love

अमरीश


हरिद्वार, 23 दिसम्बर। श्री राधा रसिक बिहारी भागवत परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में स्वागत बैंकट हॉल आर्य नगर चैक ज्वालापुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के षष्टम दिवस पर भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को यज्ञ की महिमा से अवगत कराते हुए बताया कि यज्ञ करने से भगवान नारायण एवं समस्त देवी देवता प्रसन्न होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यज्ञ करना चाहिए। शास्त्री ने बताया कि जब ब्रह्मा द्वारा सृष्टि की रचना की गई तो सभी देवी देवता उनके पास आ कर कहने लगे कि हमारी भूख शांत नहीं हो रही है। पेट भर कर के हमें कुछ मिलता ही नहीं है। आप कुछ उपाय कीजिए।

देवताओं के निवेदन करने पर ब्रह्मा ने स्वाहा नाम की एक कन्या को उत्पन्न किया और उस कन्या का विवाह यज्ञ नारायण के साथ कर दिया। ब्रह्मा ने कहा आज से जिस भी देवी देवता का नाम लेकर यज्ञ करते हुए स्वाहा का उच्चारण करते हुए आहुति दी जाएगी। वह आहुति उसी देवता को प्राप्त हो जाएगी। जिससे समस्त देवी देवताओं के आहार की व्यवस्था बनेगी। तभी से प्रत्येक घर में यज्ञ की परंपरा प्रारंभ हुई। उन्होंने बताया कि यज्ञ करने से देवता प्रसन्न होते हैं।

समस्त देवी देवताओं की तृप्ति होती है और देवी देवताओं की कृपा से कि घर में सुख, समृद्धि, धन धान्य, आयु, आरोग्य की वृद्धि होती है। इसलिए प्रत्येक सद्गृहस्थ को घर में नित्य यज्ञ करना चाहिए। यदि नित्य न कर सके तो महीने में पूर्णमासी एवं सक्रांति या अमावस पर यज्ञ अवश्य करें। इस अवसर पर नगर विधायक मदन कौशिक, मेयर अनीता शर्मा, समाजसेवी अशोक शर्मा, कथा के मुख्य जजमान योगेश कौशिक, सुनीता कौशिक, अशोक कालिया, अमित कालिया, विश्वेश्वर दयाल शर्मा, सुधीर शर्मा, सुनील शर्मा, परमेश कौशिक, अविनेश कौशिक, समर्थ कौशिक, सुशांत कालिया, यामिनी कालिया, निशांत कौशिक, तुषार कौशिक, प्रशांत कौशिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *