एनएसएस स्वयंसेवियों ने चलाया गंगा सफाई अभियान

Haridwar News
Spread the love

अमरीश

हरिद्वार, 7 नवंबर। जगजीतपुर स्थित डीएवी स्कूल एनएसएस स्वयंसेवियों व विद्यालय के अध्यापकों ने बिरला घाट पर गंगा सफाई अभियान चलाते हुए गंगा में फैली गंदगी, पुराने कपड़े, पाॅलीथीन आदि को सफाई कर गंगा स्वच्छता का संदेश दिया। स्कूल के सभी एनएसएस स्वयंसेवियों व अध्यापकों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गंगा के साथ घाटों की भी सफाई की। एनएसएस के जिला समन्वयक एसपी सिंह ने कहा कि प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में लोग देश-विदेश से गंगा दर्शन हेतु हरिद्वार आते हैं।

किन्तु बड़े ही खेद का विषय है कि जहाँ पूरे विश्व में गंगा एक पावन नदी के रूप में विख्यात हैं एवं उनकी पूजा की जाती हैं। उसी गंगा में गंदगी बहा दी जाती है। हरिद्वार में प्रतिवर्ष माँ गंगा की धारा का प्रवाह गंगा की सफाई हेतु बदल दिया जाता है। इस समय में हरिद्वार की विभिन्न संस्थाएं, विद्यार्थी, साधु-संत गंगा को साफ करने हेतु यथाशक्ति श्रमदान कर हरिद्वार प्रशासन की मदद करते हैं।

जिला समन्वयक एस.पी.सिंह तथा विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य तथा विद्यालय की एनएसएस यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार कपिल ने सभी विद्यार्थियों को शपथ दिलाई कि वे गंगा सहित किसी भी नदी में किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं डालेंगे तथा अपने साथियों, परिवारजनों, पड़ोसियों एवं उनके सम्पर्क में आने वाले लोगों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करेंगे। सभी के सामूहिक प्रयासों से गंगा की निर्मल धारा फिर से बहने लगेगी और हरिद्वार फिर से सजीव हो उठेगा।