भोलेनाथ की कृपा से देश दुनिया में फिर आएगी खुशहाली-स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी

Dharm Haridwar News
Spread the love

विक्की सैनी

हरिद्वार, 16 जून। श्री दक्षिण काली पीठाधीश्वर म.म.स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि देवों के देव महादेव की अनुकम्पा से सभी कष्टों का निवारण हो जाता है। भक्त की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर मनवांछित फल प्रदान करने वाले भगवान भोलेनाथ की कृपा से कोरोना वायरस भी जल्द ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने बताया कि देश को कोरोना के प्रकोप से मुक्त कराने तथा राष्ट्रकल्याण के निमित्त मंदिर में महादेव की विशेष आराधना की जाएगी। इस समय पूरी दुनिया कोरोना वायरस से पीड़ित है। वायरस के चलते बड़ी संख्या में लोग असमय ही जान गंवा रहे हैं। ऐसे में इस संकट से महादेव भोलेनाथ ही रक्षा कर सकते हैं।

प्रतिवर्ष पूरे श्रावण मास चलने वाली शिव आराधना को राष्ट्र कल्याण के लिए समर्पित करते हुए कोरोना वायरस को समाप्त करने की प्रार्थना की जाएगी। भक्त की पुकार पर संकट दूर करने वाले भगवान महादेव शिव की कृपा से अवश्य ही संसार का कल्याण होगा और कोरोना वायरस समाप्त होगा। देश दुनिया में फिर से खुशहाली आएगी। मठ मंदिरों में वैदिक ऋचाएं गुंजायमान होंगी।

संसार में छाया निराशा का वातावरण समाप्त होगा। आर्थिक दशा सुदृ़ढ़ होगी। निराश हो चुके लोगों के जीवन में उत्साह का संचार होगा। उन्होंने कहा कि श्री दक्षिण काली मंदिर में मां काली के साथ भोलेनाथ भी साक्षात रूप से विराजमान हैं। सावन में मंदिर का माहौल अत्यन्त आलोकिक व दिव्य हो जाता है। मां दक्षिण काली व महादेव की कृपा से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

इस दौरान स्वामी राधाकांताचार्य, आचार्य पवनदत्त मिश्र, पंडित प्रमोद पाण्डे, स्वामी अनुरागी महाराज, पंडित शिवकुमार, अंकुश शुक्ला, बालमुकुंदानंद ब्रहमचारी आदि उपस्थित रहे। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *