विश्व बधिर दिवस पर मूक बधिरों ने निकाली रैली

Uncategorized
Spread the love

तनवीर


मूक बधिरों को सम्मान की नजर से देखा जाना चाहिए-मदन कौशिक
हरिद्वार, 24 सितम्बर। 66वें विश्व बधिर दिवस के अवसर पर रविवार को देवभूमि बधिर एसोसिएशन के तत्वावधान मे पूरे प्रदेश से आए मूक बधिरजनो ने जागरूकता रैली निकाली। रैली चंद्राचार्य चौक होते हुए रेलवे स्टेशन, शिवमूर्ति चौक होते हुए जस्सा राम रोड स्थित देव मंदिर खन्ना आश्रम में संपन्न हुई।

रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, सक्षम प्रांत अध्यक्ष ललित पंत, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल अरोड़ा, दिग्विजय सिंह, भाजपा जिला महामंत्री आशु चौधरी, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, सचिन शर्मा, विशाल गर्ग, सक्षम सचिव मानसी मिश्रा, कोषाध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, सहसचिव कुलदीप राजयान, सहसचिव आरती मेहता, महिला प्रमुख सीमा चौहान, विमलेश गौर, अरविंद शर्मा, योगी रजनीश, शिल्पी पराशर व नगर के गणमान्य लोग शामिल रहे। देवभूमि बधिर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने कहा कि विश्व बधिर दिवस मनाने का उद्देश्य समाज में मूक बधिरों के योगदान के प्रति जागरूकता एवं सरकार व आमजन के नजरिए में मूक बधिरों के प्रति बदलाव लाना है।

उन्होंने बताया कि रैली में मूक बधिरों की प्रतीक भाषा साइन लैंग्वेज का इस्तेमाल कर और मुद्राओं, इशारों व हावभाव के द्वारा आमजन का ध्यान आकर्षित किया गया। ताकि इस भाषा को 23वीं राष्ट्रीय भाषा की मान्यता मिल सके। देवभूमि बधिर एसोसिएशन की प्रवक्ता सोनिया अरोड़ा ने कहा कि साइन लैंग्वेज को मान्यता मिलना अति आवश्यक है। ताकि इस भाषा को सभी सरकारी और निजी विभागो में सामान्य रूप से स्थापित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारों ने आरपीडब्ल्यूडी एक्ट 2016 में दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए है। लेकिन अभी तक प्रावधानों को धरातल पर ठीक से लागू नहीं किया जा सका है।

सक्षम के प्रांत अध्यक्ष ललित पंत ने कहा कि साईन लैंग्वेज का प्रयोग तब से किया जा रहा है। जब बोलकर संवाद स्थापित करने की कला नही थी। विधायक मदन कौशिक ने कहा कि मूक बधिरो को सम्मान की नजर से देखा जाना चाहिए। मूक बधिरों के कल्याण के लिए सरकार से उचित मांग की जायेगी। विधायक आदेश चैहान ने कहा कि मूक बधिर हर तरह के कार्य करने में सक्षम है। रैली में मूक बधिरजनो की बड़ी संख्या मौजूदगी से पता चलता है कि मूक बधिरजन अब जागरूक है। भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल ने कहा कि मूक बधिरजनो ने ज्ञापन में अपनी जिन समस्याओं जिक्र किया है। उन्हें 2 अक्टूबर को समाज कल्याण मंत्री रेखा आर्य के हरिद्वार आगमन पर उनके समक्ष रखा जाएगा।

वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल अरोड़ा ने कहा कि मोदी सरकार सुगमय भारत अभियान के तहत सभी विभागों में अच्छा कार्य कर रही है। सक्षम सचिव मानसी मिश्रा ने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द इंटरप्रेटर की नियुक्ति करनी चाहिए। ताकि मूक बधिरों की बाधा को दूर किया जा सके। रैली में डा.हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद शर्मा, रिटायर्ड शिक्षक रमेशचंद शर्मा और बड़ी संख्या में पूर्व छात्रों ने प्रतिभाग किया। रैली में मूक बधिर सुखराम कंबोज, दीपक जोशी, हेमंत नेगी, नितिन नगवाल, रजत कुमार, अतुल राठौर, विवेक केशवानी, देव शर्मा सहित 100 से अधिक मूक बधिर व डेफ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ गढ़वाल कुमाऊं, डेफ एंड डम्ब एसोसिएशन रुद्रपुर, कुमाऊं मूक बधिर वेलफेयर सोसाइटी सहित कई मूक बधिर संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *