भेल में शुरू हुआ सतर्कता जागरूकता सप्ताह

Haridwar News
Spread the love

गौरव रसिक

हरिद्वार, 27 अक्टूबर। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बीएचईएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। 27 अक्टूबर से 2 नवम्बर तक चलने वाले इस वर्ष के सतर्कता जागरुकता सप्ताह की विषयवस्तु है “सतर्क भारत समृद्ध भारत”। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डा. नलिन सिंघल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलायी । इस अवसर पर डा. सिंघल ने ‘सुविधा’ नामक सप्लायर कांट्रैक्टर ग्रिवांस पोर्टल का भी शुभारम्भ किया ।

बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक संजय गुलाटी ने भी सभी कर्मचारियोंको अत्यंत सचेत एवं सतर्क रहते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह परम आवश्यक है कि हम संस्थान की नीतियों और नियमों का अनुपालन पूरी निष्ठा से करें। इस दौरान भेल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने-अपने विभागाध्यक्षों के माध्यम से ईमानदारी व पारदर्शिता से कार्य करने हेतु सत्यनिष्ठा की शपथ ली। कार्यक्रमों की इसी श्रंखला में हीप बोर्ड रूम में एक संवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

जिसके विशिष्ट अतिथि हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस. ने भेल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सतर्कता जागरूकता सम्बंधित विभिन्न जानकारियां साझा की। उल्लेखनीय है कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर बीएचईएल सतर्कता विभाग द्वारा कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों के लिए ऑनलाइन निबंध, स्लोगन तथा ई-क्विज आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं सहित ऑनलाइन वेंडरमीट आदि का भी आयोजन किया जा रहा है।