हरिद्वार, 10 सितम्बर। जिला उद्योग केंद्र द्वारा लालढांग क्षेत्र में दो दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग के प्रबंधक चन्द्रमोहन, सहायक प्रबंधक दिनेशचन्द्र आर्य, भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर गौरव कुमार, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के विकास कुमार ने क्षेत्रवासियों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं तथा बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी।
प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पात्र लाभार्थी योजना के माध्यम से पशुपालन एवं डेयरी, किराना, जनरल स्टोर, रेस्टोरेंट एवं ढाबा, टेंट हाउस, ब्यूटी पार्लर, आटा चक्की, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान, रेडीमेड गारमेंट्स, कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियां, खाद्य प्रसंस्करण, फर्नीचर कार्य तथा अन्य सेवा एवं व्यवसायिक गतिविधियों के लिए स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं और सब्सिडी व मार्जिन मनी का लाभ उठा सकते हैं। प्रतिभागियों को ग्रामीण क्षेत्रों एवं महिला उद्यमियों को मिलने वाले उपलब्ध अतिरिक्त लाभ के संबंध में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी देते हुए अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार स्वरोजगार श्ुारू कर आत्मनिर्भर बनने अपील भी की।


