कमल खड़का
हरिद्वार, 23 जून। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सिंहद्वार स्थित कार्यालय पर एकत्र होकर मण्डल महामंत्री पार्थ दुबे के नेतृत्व में डा.श्यामाप्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी। डा.मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पार्थ दुबे ने कहा कि डा.श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में एक झण्डा एक कानून तथा धारा 370 लागू करने की मांग को लेकर जीवन पर्यन्त संघर्ष किया। उनके पदचिन्हों पर चलकर देश निर्माण में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। उन्होंने भाजपा को नई पहचान दिलाकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
उनके विचार हमेशा ही कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे। पार्थ दुबे ने कहा कि भाजपा पार्टी ही देश के विकास में अपना योगदान दे सकती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आर्थिक प्रगति व मजबूती देने में अपना योगदान दे रहे हैं। मण्डल उपाध्यक्ष गौरव पाल व विष्णु अरोड़ा ने कहा कि डा.श्यामाप्रसाद मुखर्जी के जीवन दर्शन से युवाओं को प्रेरणा मिलती है। उनके विचारों का प्रचार प्रसार व उनकी नीतियों का अनुसरण करते हुए देश की तरक्की में अपना योगदान दें। भाजपा पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जानी जाती है। जनसेवा से ही समाज को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक एक कार्यकर्ता डा.श्यामाप्रसाद मुखर्जी के पदचिन्हों पर चलकर देश निर्माण में अपना योगदान दे रहा है।
उन्होंने हमेशा शिक्षा का प्रचार प्रसार कर समाज को गति प्रदान करने में अपना योगदान दिया। समाज को जागरूक करने में उनका योगदान आज भी प्रासंगिक है। मण्डल उपाध्यक्ष आयुष पंडित व मंडल मंत्री शुभम पाल ने कहा कि डा.श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने बिना डरे देश के अनेकों मुद्दों को हल करने में अपना योगदान दिया। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्रद्धांजलि देने वालों में विभोर गर्ग, सुमित, अभय कुमार, राजन मेहंदीरत्ता, पीयूष कुमार, वीरू सोलंकी, विपुल आदि शामिल रहे।
—————————-