शिक्षकों को बीमा कवर व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं-सुनील अरोड़ा
हरिद्वार, 2 मई। कांग्रेस नेता सुनील अरोड़ा ने भीषण गर्मी के मौसम में जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते सरकार से राहत देने की मांग की है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों की स्थिति दिन-प्रतिदिन चिंताजनक होती जा रही है। लू के थपेड़ों और तपती धूप में घर-घर जाकर ड्यूटी निभाना शिक्षकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है। उन्होंने कहा कि हीट वेव के चलते जनगणना कार्य करना शिक्षकों के लिए कठिन साबित हो रहा है
। विशेष रूप से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित और नियमित इलाज करा रहे शिक्षकों के लिए भीषण गर्मी में फील्ड ड्यूटी करना जानलेवा हो सकता है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि कई शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र से काफी दूर लगाई गई है। साथ ही स्कूल में उपस्थिति भी अनिवार्य की गई है। इस दोहरी जिम्मेदारी ने शिक्षकों पर अतिरिक्त मानसिक और शारीरिक दबाव बना दिया है।
सुनील अरोड़ा ने सरकार से जनगणना कार्य कर रहे शिक्षकों को बीमा कवर देने के साथ बीमार एवं वरिष्ठ शिक्षकों को जनगणना कार्य से छूट दिए जाने, भीषण गर्मी के दौरान कार्य को स्थगित या समय में बदलाव करने, ड्यूटी के दौरान पर्याप्त स्वास्थ्य सुरक्षा, पानी, छाया और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की है।


