हरिद्वार। धर्म नगरी हरिद्वार में फिल्म की शूटिंग के दौरान लगाए गए ‘बार-रेस्टोरेंट-कैफे’ के बोर्ड को लेकर जबरदस्त हंगामा हो गया। शूटिंग के नाम पर धर्मनगरी की छवि से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय युवाओं ने बोर्ड उतरवा दिया।
“तीर्थ की मर्यादा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि तीर्थ की मान-मर्यादा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शूटिंग की आड़ में धर्मनगरी को बदनाम करने की कोशिश की गई। हरिद्वार विश्व की पवित्र नगरी है, इसे बार-कैफे वाली जगह के रूप में पेश करना गलत है।
स्थानीय युवाओं ने दिखाई मुस्तैदी
जैसे ही शूटिंग टीम ने बोर्ड लगाए, स्थानीय युवाओं ने तुरंत विरोध शुरू कर दिया। युवाओं ने बोर्ड हटाने की मांग की और बाद में खुद बोर्ड उतार दिए। उन्होंने कहा कि तीर्थ की पवित्रता और मर्यादा के लिए किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।
जागरूक जनता का आभार जताया
उज्ज्वल पंडित ने जागरूक जनता और युवाओं का आभार जताया जिन्होंने समय रहते विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार कोई आम शहर नहीं, यह मोक्षदायिनी नगरी है। यहां किसी भी फिल्म या सीरियल में धर्मनगरी की मर्यादा के खिलाफ दृश्य दिखाना स्वीकार नहीं होगा।
फिलहाल शूटिंग टीम द्वारा बोर्ड हटाने के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन तीर्थ पुरोहित समाज ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी शूटिंग से पहले स्थानीय भावनाओं का ध्यान रखा जाए।


