हरिद्वार, 21 जून। पतंजलि योगपीठ में स्वस्थ आयु के लिए योग थीम के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर योग भवन, पतंजलि वैलनेस, पतंजलि योगपीठ-।। में स्वामी आर्यदेव के मार्गदर्शन और योग के विद्वान आचार्यों की देखरेख में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। स्वामी विप्रदेव ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार 45 मिनट की मानकीकृत योग दिनचर्या का अनुपालन करते हुए लगभग 1500 योग साधकों को विभिन्न योग आसनों व प्राणायाम का अभ्यास कराया।
स्वामी विप्रदेव ने कहा कि स्वस्थ जीवन व लम्बी आयु के लिए योग ही सर्वाेत्तम उपाय है। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव ने योग को विश्वव्यापी बनाकर रोगी मानवता पर उपकार किया है। योग शारीरिक अभ्यास तो है ही, साथ ही यह एक सम्पूर्ण चिकित्सा पद्धति है। योग के माध्यम से पतंजलि वैलनेस में साध्य-असाध्य रोगों से पीड़ित लाखों रोगियों को आरोग्य प्रदान किया जा रहा है।
पतंजलि योगपीठ के मुख्य महाप्रबंधक (ट्रस्ट) ब्रिगेडियर टी.सी.मल्होत्रा (से.नि.) ने कहा कि योग केवल एक दिन का अभ्यास नहीं है, इसे हमें अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव महाराज एवं आचार्य बालकृष्ण महाराज के मार्गदर्शन में संचालित पतंजलि योगपीठ देश का सबसे बड़ा योग शिक्षा संस्थान है। पतंजलि योगपीठ से सम्बद्ध विभिन्न ईकाइयों दिव्य योग मंदिर (ट्रस्ट), दिव्य फार्मेसी ए-।, पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क पदार्था तथा योगग्राम ऑडिटोरियम में भी विशेष योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया।
स्वामी यज्ञदेव, पतंजलि अनुसंधान संस्थान के उपाध्यक्ष डा.अनुराग वार्ष्णेय, पतंजलि आयुर्वेद हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अरुण पाण्डेय, पतंजलि आयुर्वेद हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट एवं शालाक्य विभाग प्रमुख डा. दयाशंकर, षट्कर्म विभाग के प्रमुख डा.सचिन त्यागी, पतंजलि वेलनेस के वरिष्ठ चिकत्सक डा.सत्यप्रकाश मिश्रा, दंत चिकित्सा विभाग के प्रमुख डा.कुलदीप सिंह, टेलीमेडिसिन विभागाध्यक्ष डा. ईशु अरोड़ा समेत पतंजलि के तमाम अधिकारी, संन्यासी, कर्मयोगी व शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।


