यूकेडी कार्यकर्ताओं ने किया गृह कर लगाए जाने का विरोध

Politics
Spread the love

कमल खड़का

शासनादेश का उल्लंघन कर रही नगर पालिका-रविन्द्र वशिष्ठ

हरिद्वार, 26 जून। उत्तराखण्ड क्रांतिदल के कार्यकर्ताओं ने जिला महामंत्री राजीव देशवाल के नेतृत्व में जिला अधिकारी को ज्ञापन देकर शिवालिकनगर नगर पालिका द्वारा गृहकर लगाए जाने की प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने की मांग की है। जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान राजीव देशवाल ने कहा कि सरकार की ओर से नवगठित पालिकाओं में गृहकर व संपत्ति कर की वसूली पर दस वर्ष तक रोक लगायी गयी है। इसके बावजूद शिवालिकनगर नगर पालिका प्रशासन द्वारा गृहकर व सम्पत्ति कर वसूलने के लिए फार्म वितरित किए जा रहे हैं। जोकि शासनादेश का उल्लंघन है। उन्होंने मांग की कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा शुरू की गयी गृह कर वसूली की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगायी जाए।  

उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष भी शिवालिक नगर क्षेत्रवासियों से गृह कर वसूले जाने से अंजान बने हुए हैं। श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रविन्द्र वशिष्ठ ने कहा कि नगर पालिका को जनता पर करों का बोझ लादने के बजाए आय के अन्य स्रोत तलाशने चाहिए। कोरोना के चलते लोग पहले ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन को शासनादेश के अनुसार गृह कर वसूलने की प्रक्रिया को स्थगित करना चाहिए। चौधरी बृजबीर सिंह, दीपक गोनियाल, एमडी शर्मा व सरिता पुरोहित ने कहा कि नगर पालिका लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाए लोगों का शोषण कर रही है।

जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि गृह कर वसूली नहीं रोकी गयी तो नगर पालिका के विरूद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में शिवालिक नगर क्षेत्र अध्यक्ष देशा सिंह, सचिन चैहान, ब्रजेश खुराना, तरूण डावर, धर्मेन्द्र यादव एवं प्रदीप उपाध्याय आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *