खन्ना नगर महिला मंडल ने मनायी भगवान कृष्ण की छठी

Dharm
Spread the love

अमरीश


हरिद्वार, 5 सितंबर। खन्ना नगर महिला मंडल द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की छठी धूमधाम व उल्लास के साथ मनायी गयी। इस अवसर पर महिला मंडल की कविता माटा, स्वाति दुमड़ा, मधु जैन, हिमांशु, प्रिंस, हर्षित, विक्की गोयल, पंकज माटा, नरेंद्र दुमड़ा आदि ने नए वस्त्र आभूषण पहनाकर विधि विधान से भगवान श्रीकृष्ण का पूजन कर माखन मिश्री का भोग लगाया और प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर कविता माटा ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण आनंद के प्रतीक हैं, सादगी के सार हैं और प्रेम के स्रोत हैं।

भक्त वत्सल भगवान श्रीकृष्ण भक्त की पुकार पर दौड़े चले आते हैं और प्रत्येक संकट से भक्तों की रक्षा करते हैं। संसार को राह दिखाने तथा दुष्टों का संहार करने के लिए धरती पर अवतरित हुए भगवान श्रीकृष्ण जन-जन के आराध्य हैं। पंकज माटा ने कहा कि महिला मंडल द्वारा प्रतिवर्ष भव्य रूप से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी व बाल कृष्ण की छठी का आयोजन किया जाता है। लेकिन कोरोना के चलते गाइडलाईन का पालन करते हुए सूक्ष्म रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माटा ने कहा कि भगवान कृष्ण के बालरूप की आराधना करने से भक्त की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

सभी को पूरे भक्तिभाव से भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महाभारत युद्ध में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिया गया गीता का उपदेश प्रत्येक व्यक्ति को जीवन का मार्ग दिखाता है। सभी को भगवान श्रीकृष्ण द्वारा स्थापित आदर्शो का पालन करते हुए आदर्श समाज की स्थापना में सहयोग करना चाहिए।