किसान मजदूर संगठन सोसायटी ने विधायक रवि बहादुर को सौंपा मांग पत्र

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 10 सितम्बर। किसान मजदूर संगठन सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर से उनके कार्यालय पर मुलाकात की और उन्हें संगठन की ओर से किसानों, मजदूरों एवं प्रदेश के युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में संगठन ने किसानों को सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली एवं पानी उपलब्ध कराने, प्रदेश में स्थापित सरकारी, अर्ध-सरकारी एवं निजी उद्योगों में कम से कम 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं एवं बेरोजगारों को रोजगार देने के शासनादेश को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की है।

विधायक रवि बहादुर ने प्रतिनिधिमंडल को मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों एवं प्रदेश के युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। किसान मजदूर संगठन सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी उत्तराखंड जल एवं जल-विद्युत संसाधनों से समृद्ध प्रदेश है। ऐसे में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली एवं पानी की उचित सुविधा मिलना उनका महत्वपूर्ण अधिकार है। प्रदेश में स्थापित उद्योगों का लाभ स्थानीय युवाओं को रोजगार के रूप में मिलना चाहिए, जिससे बेरोजगारी और पलायन की समस्या को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि संगठन किसानों, मजदूरों और युवाओं के हितों की लड़ाई को लगातार लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाता रहेगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी ने विधायक द्वारा दिए गए आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन को उम्मीद है कि किसानों और युवाओं की इन मांगों पर सरकार सकारात्मक कार्रवाई करेगी।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवीन मोर्या, रुड़की महानगर कमेटी अध्यक्ष सतीश चंद फौजी, खानपुर विधानसभा अध्यक्ष मुनेश पाल, प्रदेश संरक्षक सुबोध कुमार शर्मा, रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष अनुज शर्मा, धीरेंद्र, गौरव भार्गव, संजय मेहता, सुजीत गुप्ता एवं मनोज सैनी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply