मुख्यमंत्री के बजाए नीतियों को बदले भाजपा-मनोज द्विवेदी

Politics
Spread the love

गौरव रसिक
हरिद्वार, 12 मार्च। आम आदमी पार्टी के संयुक्त सचिव मनोज द्विवेदी ने कहा कि टीवी चैनल का सर्वे पूरी तरह से सच साबित हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की जनविरोधी नीतियां व प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं पर खरा ना उतरने के कारण ही उन्हें पद से हटाया गया। मुख्यमंत्री के रूप में त्रिवेंद्र सिंह रावत की लोकप्रियता सबसे नीचले पायदान पर आना भाजपा के लिए नुकसानदायक बन गया था। इसीलिए उन्हें हटाकर तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया गया है।

लेकिन मुख्यमंत्री बदलने से भाजपा सरकार की खराब छवि ठीक नहीं होने वाली है। भाजपा को मुख्यमंत्री बदलने के बजाए अपनी नीतियों को बदलना चाहिए था। 2017 में जनादेश का घोर अपमान किया जा रहा है। प्रदेश की जनता निश्चित तौर पर भाजपा का सूपड़ा साफ करेगी। अनेकों बलिदानों से राज्य का गठन हुआ। शहीदों के सपनों को साकार करने में सरकार द्वारा घोर लापरवाही किया जाना बीजेपी सरकार की विफलता है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से प्रदेश की जनता त्रस्त है।

किसानों की मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कृषि कानून में बदलाव की मांग कर रहे किसानों पर तरह तरह के आरोप लगाकर आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। मनोज द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री बदलने का असर अब जनता पर नहीं होने वाला है। सरकार की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता आजिज आ चुकी है। विकल्प के तौर पर आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता प्रदेश भर में बढ़ रही है। आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी भाजपा को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नौजवानों को रोजगार नहीं मिल पा रहे हैं।

पलायन की समस्या को हल करने में सरकार ने कोई रूचि नहीं दिखाई है। कुंभ निर्माण कार्यो में भी जमकर बंदरबांट की जा रही है। उन्होंने कहा कि विफलताएं छुपाने के लिए मुख्यमंत्री को बदलना तर्क संगत नहीं है। प्रदेश की जनता भाजपा के चाल चरित्र को जान चुकी है। निश्चित तौर पर भाजपा को सबक सिखाने का काम प्रदेश की जनता अवश्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *