अमरीश
हरिद्वार, 20 सितम्बर। भूपतवाला क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को शुरू कराने के लिए कांग्रेस सेवादल के शहर अध्यक्ष नितिन यादव के नेतृत्व में लघु व्यापारियों ने पावन धाम के समीप प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान नितिन यादव ने कहा कि लॉकडाउन लगने के बाद से ही भूपतवाला में प्रत्येक शनिवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार बंद है। जिससे बाजार में दुकान लगाने वाले लघु व्यापारियो के लिए रोजी रोटी का संकट बना हुआ है। दुकानें नहीं लगने पर व्यापारी बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं।
रोजगार नहीं चलने पर व्यापारियों को भारी आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उनके लिए घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा आम जनता को भी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं व सब्जी आदि नहीं मिल पा रही है। साप्ताहिक बाजार में क्षेत्रीय जनता को सस्ते दामों पर घरेलु सामान सब्जी उपलब्ध हो जाती थी। जिससे मध्यम व निम्न वर्ग को बड़ी राहत मिल रही थी। लेकिन बाजार नहीं लगने से लोग इस सुविधा स वंचित हो गए हैं।
प्रशासन को लघु व्यापारियों के रोजगार व जनता की सुविधाओं को देखते हुए जल्द से जल्द साप्ताहिक बाजार फिर से शुरू कराना चाहिए। लघु व्यापारी नेता शिवकुमार राजपूत व नितिन शर्मा ने कहा कि बाजार नहीं लगने से पिछले छह महीने से लघु व्यापारी बेरोजगारी की स्थिति का सामना कर रहे हैं। बाजार नहीं लगने से आय का साधन बंद हो गया है। परिवार के लिए रोटी जुटाना तक मुश्किल हो रहा है।
लघु व्यापारियों की समस्या को देखते हुए प्रशासन को साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति देनी चाहिए। प्रदर्शन करने वालो में महानगर महासचिव आकाश भाटी, शिवम गिरी, सेवादल उपाध्यक्ष तरुण सैनी, महामंत्री अंकित शर्मा, करण सिंह राणा, गौरव कुमार, पंकज चैबे, महिंदर सिंह, हरी सिंह, बिट्ठल, रोहन, सोमपाल, राजपाल, विशाल, मोहन आदि शामिल रहे।