तनवीर
हरिद्वार, 27 अप्रैल। पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी द्वारा संचालित श्री राधा कृष्ण धाम कोरोना से जंग में जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान कर रहा है। जिला प्रशासन की देखरेख में लाकडाउन नियमो का पालन करते हुए प्रतिदिन हजारों लोगों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डेढ़ से 2 दो हजार भोजन पैकेट शालिग्राम घाट पर प्रतिदिन बांटे जा रहे हैं। पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने बताया कि हरिद्वार में लाॅकडाउन के चलते रोजगार गंवा चुके मजदूर व अन्य गरीब लोगों को भोजन के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
इस समस्या के समाधान हेतु श्री राधा कृष्ण धाम में भोजन सेवा प्रारंभ की गई है। आश्रम में संचालित रसोई में प्रतिदिन हजारों लोगों के लिए भोजन तैयार कर आश्रम वाहनों के द्वारा पंचपुरी के तमाम इलाकों में वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जन सेवा में आश्रम से जुड़े भक्तों के साथ कई समाजसेवी भी योगदान दे रहे हैं। कहा कि लाॅकडाउन रहने तक यह जनसेवा निरंतर जारी रहेगी। सतपाल ब्रह्मचारी द्वारा निस्वार्थ एवं बिना भेदभाव के की जा रही जनसेवा की पंचपुरी के अनेक राजनेताओं, सामाजिक सगठनों तथा संतों ने प्रशंसा की है।