मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव को निरंजनी अखाड़े में संतों ने किया सनातन भूषण सम्मान से सम्मानित

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


मध्य प्रदेश को उन्नति के शिखर पर ले जाएंगे मोहन यादव-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी दिशाओं में उन्नति कर रहा है देश-मोहन यादव

हरिद्वार, 6 जनवरी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव को पंचायती अखाड़ा निरंजनी में सनातन भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में संतों ने मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव को सम्मानित करते हुए आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्रीमहंत रविंद्रपुरी का आभार जताते हुए 2028 में उज्जैन में होने वाले कुंभ का न्योता भी संतो को दिया।
निरंजनी अखाड़े में आयोजित समारोह की अध्यक्षता जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम और संचालन अखाड़ा परिषद के समन्वयक डा.राहुल कटारिया ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चहुं दिशाओं में उन्नति कर रहा है। नई शिक्षा नीति ने सनातन के उन रहस्य से पर्दा उठाने का काम किया है जिनको लॉर्ड मैकाले ने 1835 में ढक दिया था।

अभी तक ग से गधा पढ़ाया जाता था लेकिन नई शिक्षा नीति के तहत ग से गणेश पढ़ाया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज का आशीर्वाद उन्हें मुख्यमंत्री बनने से पहले ही मिल गया। वे मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार हरिद्वार और निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर खुद को गौरवान्वित और अभिभूत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी संत 2028 में उज्जैन में होने वाले कुंभ में आमंत्रित हैं और संतो के आशीर्वाद से मध्य प्रदेश की सरकार सतकार्यों को लगातार जारी रखेगी। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के राजनीतिक सफर पर प्रकाश डालते हुए उन्हें साधुवाद प्रदान किया और अभिनंदन करते हुए सनातन भूषण सम्मान से सम्मानित किया और डा.मोहन यादव मध्यप्रदेश को उन्नति के शिखर पर ले जाएंगे

इस दौरान स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने डा.मोहन यादव को पहले ही मुख्यमंत्री बनने का आशीर्वाद दे दिया था। श्रीमहंत रविंद्रपुरी की दूरदृष्टि की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि वे ऐसी दृष्टि अन्य लोगों पर भी डालें। आह्वान अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज ने कहा कि संत समाज के आशीर्वाद से देश भर में नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं। डा.मोहन यादव ने मध्य प्रदेश को उन्नति पर ले जाने के लिए जो कार्य शुरू किया है। संत समाज के आशीर्वाद से वह इसमें निश्चित ही सफल होंगे। महामंडलेश्वर युगपुरुष स्वामी परमानंद महाराज, आह्वान अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज, पूर्व विधायक सुरेश राठौर आदि ने भी समारोह को संबोधित किया।

इस अवसर पर सांसद डा.रमेश पोखरियाल निशंक, महामंडलेश्वर स्वामी हरि चेतनानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि, महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरि, श्रीमहंत महेश पुरी महाराज, महंत शैलेंद्र गिरी, स्वामी आदियोगी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चैहान, स्वामी केशवानंद, एसएमजेएन कालेज के प्राचार्य डा.सुनील कुमार बत्रा, सुमित अदलखा, अखाड़ा परिषद प्रवक्ता गोविंद सोलंकी, अखाड़ा परिषद के समन्वयक डा.राहुल कटारिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, महामंत्री आशुतोष शर्मा व आशु चैधरी, सनातन परिषद के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डा.विशाल गर्ग, भोला शर्मा सहित बड़ी संख्या में संत महापुरूष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *