नगर आयुक्त ने किया जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण
हरिद्वार, 9 जुलाई। बृहष्पतिवार को हुई मूसलाधार वर्षा के बीच नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा के पूर्वानुमान के दृष्टिगत नगर आयुक्त नंदन कुमार ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। नगर निगम द्वारा बुधवार से ही जलभराव की संभावित स्थिति से निपटने हेतु विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में जल निकासी पंप, आवश्यक संसाधन तथा संबंधित टीमों को तैयार रखा गया था।
साथ ही सभी संबंधित वार्डों के मुख्य सफाई निरीक्षकों एवं सफाई निरीक्षकों की ड्यूटी लगाकर उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। बीती रात से ही तेज वर्षा प्रारंभ होते ही नगर निगम की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं तथा संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लिया। गुरुवार तड़के नगर आयुक्त नंदन कुमार ने स्वयं शहर के विभिन्न जलभराव संवेदनशील स्थलों भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, संदेश नगर, शारदा नगर, भोपतवाला स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट के निकट तथा पुराना आरटीओ चौक सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
जलभराव की स्थिति बनने पर निगम की टीमों द्वारा तत्काल पंप संचालित कर जल निकासी कराई गई तथा निरंतर निगरानी रखी गई। इस दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, श्रीकांत, अर्जुन सिंह, मनोज कुमार, विकास चौधरी, सफाई निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार तैनात रहकर जल निकासी एवं राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि वर्षा की स्थिति को देखते हुए सभी टीमें निरंतर फील्ड में तैनात हैं तथा किसी भी क्षेत्र में जलभराव अथवा अन्य आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


