पदोन्नति में पुरानी रोस्टर प्रणाली बहाल होने पर विधायक देशराज कर्णवाल ने जताया सरकार का आभार

Politics
Spread the love

हरिद्वार, 20 मार्च। भाजपा विधायक देशराज ने कर्मचारियों की पदोन्नति में पुरानी रोस्टर प्रणाली बहाल किए जाने के सरकार के निर्णय का स्वागत किया है। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता के दौरान झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने कहा कि कर्मचारियों के प्रमोशन मामले में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया था।

समिति ने पुरानी रोस्टर प्रणाली बहाल करने की सिफारिश की थी। जिस पर निर्णय लेते हुए बृहष्पतिवार को राज्य कैबिनेट ने पुरानी रोस्टर प्रणाली को बहाल करने का निर्णय लिया। विधायक देशराज कर्णवाल ने इसके लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मंत्री मण्डलीय समिति के प्रमुख मदन कौशिक, सदस्य सुबोध उनियाल व रेखा आर्य का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पुरानी प्रणाली होने पर पदोन्नति में पहला पद अनुसूचित जाति को मिलेगा। इसके अलावा सरकार ने बैकलाॅग पदों पर भर्ती करने का भी निर्णय लिया है। एक सप्ताह के अंदर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य के हजारों युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि पुरानी रोस्टर प्रणाली बहाल किए जाने को लेकर उनकी और से मंत्री मण्डलीय समिति के समक्ष मजबूती के साथ पक्ष रखा गया।

बैकलाॅग पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने के लिए भी उन्होंने सरकार के समक्ष मांग उठायी। बैकलाॅग पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सरकार ने अपना वादा पूरा किया है। प्रमोशन में आरक्षण समाप्त किए जाने के सरकार के निर्णय पर उन्होंने कहा कि इस मामले में उत्तराखण्ड बनने से पहले उत्तर प्रदेश के जमाने में ही उचित पैरवी के अभाव में यह लड़ाई न्यायालय में हार चुके हैं। उत्तराखण्ड में प्रमोशन में आरक्षण कांग्रेस व बसपा की मिली जुली सरकार ने समाप्त किया था। इस दौरान पार्षद अनिरूद्ध भाटी, विनीत जौली आदि सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *