तनवीर
हरिद्वार 22 नवंबर । किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राहुल चौधरी ने कहा है कि किसान शांति पूर्वक सत्याग्रह चलाकर सत्ता परिवर्तन की सामर्थ्य रखता है और लोकतंत्र में जनता का अधिकार सर्वोपरि होता है जो अपने मताधिकार के माध्यम से सरकार का चयन करती है। पूरे देश की जनता परिवर्तन चाहती है और उत्तराखंड की जनता अब मुख्यमंत्रियों की भरमार से आजिज आकर सत्ता परिवर्तन का स्थाई मन बना चुकी है। वे आज कनखल के बूढ़ीमाता स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सभी कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आवाहन करते हुए राहुल चौधरी ने कहा कि भाजपा की तानाशाही से पूरे देश की जनता आजिज आ चुकी है और भाजपा सरकार के एक कार्यकाल में तीन तीन मुख्यमंत्रियों का बदलना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि भाजपा के पास सरकार चलाने लायक नेतृत्व का अभाव है। अब जनता भूल कर भी भाजपा पर विश्वास नहीं करेगी।
उत्तराखंड राज्य की दुर्दशा के लिए भाजपा को दोषी बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की पहली निर्वाचित सरकार के मुखिया पंडित नारायण दत्त तिवारी ने राज्य का औद्योगिकरण कर स्वावलंबी बनाने की बुनियाद रखी थी। लेकिन राज्य में दो बार सत्तासीन रही भाजपा सरकारों ने उद्योगों को भागने पर मजबूर कर दिया है, इसीलिए राज्य की जनता अब पुनः कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है।
बैठक में रविंद्र चौधरी, विकास राजपूत, जीतू राठी, संदीप कुमार, सचिन चौधरी ,जितेंद्र सिंह ,आदर्श पंडित, मयंक कुमार तथा संदीप कुमार ने भी विचार व्यक्त कर उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार स्थापित करने का संकल्प लिया।