विकास झा
हरिद्वार, 31 मई। वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं महिला मोर्चा की जिला मीडिया प्रभारी रंजीता झा ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर महिला सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर अति संवेदनशील थीं। उन्होंने गांव में नारी सुरक्षा टोलियां स्थापित की थी। महिलाओं की एक सैन्य टुकड़ी भी गठित की थी। महिलाओं के सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिये कुछ क्रांतिकारी निर्णय लिये और महिलाओं को संपत्ति में अधिकार, विधवा को दत्तक पुत्र लेने का अधिकार तथा विधवा पुनर्विवाह के अधिकार प्रदान किए।
सनातन परंपरा को पल्लवित करने का काम किया। हिन्दुत्व के स्वाभिमान को जगाने के लिए मंदिरों का पुर्ननिर्माण कराया और 250 मंदिर बनवाये। रंजीता झा ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने पूरे देश के द्वादस ज्योर्तिलिंग और चारों धाम के मंदिरों का पुर्ननिर्माण विकास कर आध्यात्मिक और सनातनी धर्म का संरक्षण किया। देवी अहिल्याबाई होल्कर को समाज ने पुण्य-श्लोका, लोकमाता, मातोश्री, न्यायप्रिया, प्रजावत्सला, राजमाता, आदि से संबोधित किया।
देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रंजना चतुर्वेदी की अध्यक्षता में रामधाम कालोनी बहादराबाद में शिव मंदिर में पंडित कमलाकर शास्त्री के सानिध्य में रुद्राभिषेक के मौके पर रंजना चतुर्वेदी ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर का जीवन समाज, संस्कृति और राष्ट्र के लिए समर्पित रहा। मालवा क्षेत्र की महारानी देवी अहिल्याबाई होलकर ने शिव भक्ति की आराधना में लीन होते हुए शासक के रूप में कुशल रणनीति और कुशल कूटनीति का उत्कृष्ट उदाहरण दिया।
इतिहास में देवी अहिल्याबाई होल्कर अकेली महिला शासक रही, जिन्होंने 28 सालों तक शासन करते हुए अपने राज्य में एक भी युद्ध नहीं होने दिया और ना ही उनके शासन काल में कभी अकाल पड़ा। कार्यक्रम में जिला सदस्य सुधा राठोर, संगीता बंसल, अर्चना झा, विनीता चौहान, तीला देवी खुशबू और स्थानीय मातृ शक्ति उपस्थित रही।