सभी नौ स्वरूपों का स्वरूप है मां भगवती-श्रीमहंत रविन्द्रपुरी

Dharm
Spread the love

राकेश वालिया

हरिद्वार, 1 अप्रैल। मां देवी भगवती ममतामयी है। जो अपने भक्तों पर सदा ही करूणा बरसाती हैं। जैसे मां अपने पुत्रों से सदैव स्नेह रखती है। वैसे ही देवी भगवती अपनी शरण में आए हुए सदाचारी लोगों पर कृपा कर उन्हें सुख समृद्धि प्रदान करती है। उक्त उद्गार मां मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने निरंजनी अखाड़ा स्थित हनुमान मंदिर में नवरात्र पूजा के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मां भगवती भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर उन्हें मनवांछित फल प्रदान करती है और अपने सभी भक्तों के कष्टों का निवारण करती है। सच्चे मन से की गयी मां की आराधना सहस्त्र गुणा पुण्य फलदायी होती है। उन्होंने कहा कि मां भगवती शक्ति का स्वरूप है। जो सभी दुष्टों का नाश कर रक्षा कवच के जरिए अपने भक्तों की रक्षा करती है।

शक्ति स्वरूपा मां भगवती की आराधना यूं तो कभी भी की जा सकती है। लेकिन नवरात्र मां की आराधना का विशेष अवसर होते हैं। नवरात्र में नौ दिनों तक विधि पूर्वक व्रत व अनुष्ठान करने से मां अत्यधिक प्रसन्न होती है। कोरोना के रूप में देश पर आया प्रकोप मां भगवती की कृपा से जल्द ही समाप्त होगा। पूरे विश्व में शांति व खुशहाली व्याप्त होगी। जनजीवन पहले की तरह सामान्य होगा। श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि महामारी के इस प्रकोप के चलते गरीबों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सभी को गरीबों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। जिससे जो भी संभव हो वह मदद गरीबों के लिए उपलब्ध करानी चाहिए। संकट की यह घड़ी मानवता का परिचय देने की है। इसलिए मानवता का परिचय देते हुए प्रत्येक व्यक्ति को मानव सेवा के लिए तत्पर रहना चाहिए। क्योंकि मानव सेवा ईश्वर पूजा के समान है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *