शिवभक्तों को गंगा जल उपलब्ध कराएगी यूथ कांग्रेस-सुमित्तर भुल्लर

Politics
Spread the love

अमरीश/कमल खडका

हरिद्वार, 8 जुलाई। कोरोना महामारी के चलते कावंड़ मेले पर लगाए गए प्रतिबंध को देखते हुए यूथ कांग्रेस ने उत्तराखण्ड के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश व दिल्ली के शिवभक्तों को गंगा जल उपलब्ध कराने का ऐलान किया है। प्रैस क्लब में पत्रकारवार्ता के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने बताया कि कोरोना महामारी का फैलाव रोकने के लिए इस वर्ष कांवड़ यात्रा को प्रतिबंधित किया गया है। इसको देखते हुए यूथ कांग्रेस ने उत्तराखण्ड के शिवभक्तों के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश व दिल्ली के शिवभक्तों को गंगा जल उपलब्ध कराने का निर्णय किया है।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में पांच हजार गंगाजली विभिन्न शिवालयों में उपलब्ध करायी जाएंगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता पश्चिमी उत्तर प्रदेश व दिल्ली के शिवालयों में संपर्क कर मंदिर व्यवस्थापकों को गंगा जल उपलब्ध कराएंगे। ताकि सावन की महाशिवरात्रि पर भक्त गंगा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकें। यूथ कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष रवि बहादुर ने कहा कि युवा कांग्रेस के माध्यम से उत्तराखण्ड के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश व दिल्ली में जहां तक संभव होगा गंगा जल पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आपदा नियमों का पालन करते हुए कार्यकर्ता भी भगवान शिव का जलाभिषेक कर कोरोना से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना करेंगे। युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने कहा कि कांग्रेस को धर्म विरोधी बताकर गलत तरीके से प्रचार किया गया है। जबकि कांग्रेस के शासनकाल में पूजा पाठ से संबंधित किसी भी वस्तु पर कोई टैक्स नहीं था। लेकिन भाजपा सरकार में पूजन से संबंधित सभी वस्तुओं पर टैक्स लगाकर महंगा कर दिया गया है। प्रैसवार्ता के दौरान सुमित भाटिया, अनिल भास्कर, हिमांशु बहुगुणा, तुषार कपिल आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *