हरिद्वार, 8 सितम्बर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने पत्रकारवार्ता कर आश्रम में चल रहे भूपतवाला स्थित राजकीय महाविद्यालय के भूमि आवंटित होने के बावजूद महाविद्यालय भवन का निर्माण नहीं कराए जाने पर सवाल उठाए हैं। सपा महानगर कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए महंत शुभम गिरी ने कहा कि महाविद्यालय के नाम पर छात्र-छात्राओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
नगर निगम बोर्ड में महाविद्यालय के लिए सर्वानंद घाट के पास भूमि देने का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया था। इसके बावजूद मोहनानंद आश्रम में महाविद्यालय संचालित किया जा रहा है। महंत शुभम गिरी ने कहा कि अनुपस्थित दिखाकर अनुत्तीर्ण किए जाने के कारण महाविद्यालय के छात्र छात्राओं में भारी रोष व्याप्त है। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की त्रुटि छात्र छात्राओं पर भारी पड़ रही है। दस वर्ष से प्रदेश में भाजपा की सरकार है। लेकिन महाविद्यालय बनाने के लिए एक ईंट भी नहीं लगायी गयी। सरकार युवाओं को आगे बढ़ने में रोक लगा रही है। सारा कार्य पत्रावली में ही चल रह है। उन्होंने कहा कि उत्तरी हरिद्वार में सरकारी अस्पताल में सुविधाओं की भारी कमी है। अस्पताल में चिकित्सक नहीं हैं।
सिर्फ कांवड़ मेले में अस्पताल चलाया जाता है उसके बाद कोई सुध नहीं लेता है। अस्पताल में इमर्जेंसी वार्ड, बर्न वार्ड और अन्य वार्ड नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आकस्मिक स्थिति में मरीज को मेला अस्पताल ले जाना पड़ता है। रास्ते में जाम है या अन्य असुविधाओं की वजह से मरीज को पहुंचने में देरी होती है। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन को जनहित में कार्य करना चाहिए।


