सेवा कार्यो के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए-स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी

Social
Spread the love

विक्की सैनी

हरिद्वार, 21 मई। श्री दक्षिण काली पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि गरीब, निसहाय की सेवा ही सच्ची ईश्वर पूजा है। सभी को सेवा कार्यो के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। चण्डीघाट क्षेत्र के गरीब मजदूरों को राशन वितरण करने के दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के चलते गरीब मजदूर बेहद कठिनाईयों का सामना कर रहे हैं। कामधंधा बंद होने से मजदूर परिवार के लिए भोजन तक नहीं जुटा पा रहे हैं। ऐसे में श्री दक्षिण काली मंदिर अन्न क्षेत्र के माध्यम से ऐसे जरूरतमंद परिवारों की निरंतर मदद की जा रही है।

भोजन के साथ कच्चा राशन भी जरूरतमंदों को दिया जा रहा है। लाॅकडाउन होने के तुरंत बाद मंदिर के अन्न क्षेत्र के माध्यम से शुरू किया गया सेवा का सिलसिला निरंतर जारी है। निस्वार्थ सेवा भाव से किए गए कार्यो से ईश्वर प्रसन्न होते हैं। परिवार पर ईश्वरीय कृपा बनी रहती है। जिससे सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है तथा संकट दूर होते हैं।

कोरोना वायरस के चलते इस संकट काल में सेवा का महत्व बढ़ गया है। इसलिए सभी को यथाशक्ति गरीबों व जरूरतमंदों की मदद अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से देश दुनिया को मुक्ति दिलाने के लिए मंदिर में निरंतर अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं। मां दक्षिण काली व भगवान भोलेनाथ की कृपा से कोरोना शीघ्र समाप्त होगा। इस अवसर पर आचार्य पवनदत्त मिश्र, पंडित प्रमोद पाण्डे, पंडित शिवकुमार शर्मा, सागर ओझा, अंकुश शुक्ला, बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी आदि मौजूद रहे।