नगर निगम ने तैयार कराया अत्याधुनिक स्मार्ट सोलर सेंसर काम्पैक्ट डस्टबिन

Haridwar News
Spread the love


कावंड़ पटरी मार्ग पर किया जा रहा ट्रायल
हरिद्वार, 2 अगस्त। सफाई व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए नगर निगम ने एक अभिनव पहल की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशों पर नगर निगम द्वारा शहर की जरूरतों के अनुरूप जे.डी.ई. वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से एक अत्याधुनिक स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट डस्टबिन डिजाइन कराया है, जिसका ट्रायल इन दिनों कांवड़ पटरी पर किया जा रहा है। सोल सेंसर कॉम्पैक्ट डस्टबिन सामान्य डस्टबिन से पूरी तरह अलग है।

इसमें सेंसर आधारित ऑटोमैटिक ओपनिंग सिस्टम लगाया गया है। जैसे ही कोई व्यक्ति डस्टबिन के सामने पहुंचता है, इसका ढक्कन स्वतः खुल जाता है और कचरा डालने के बाद स्वतः बंद हो जाता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसका ऑटोमैटिक कचरा कॉम्पैक्शन सिस्टम है। डस्टबिन में कचरा डालते ही यह उसे स्वतः कॉम्पैक्ट कर देता है, जिससे कम स्थान में कई गुना अधिक कचरा संग्रहित किया जा सकता है।

इससे डस्टबिन जल्दी भरने की समस्या कम होगी, बार-बार खाली करने की जरूरत घटेगी तथा सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनेगी। डस्टबिन पूरी तरह सोलर ऊर्जा आधारित है। जिससे इसके संचालन के लिए बाहरी बिजली की आवश्यकता नहीं पड़ती। साथ ही इसकी मजबूत एवं सुरक्षित संरचना ऐसी तैयार की गई है कि आवारा पशु न तो इसे गिरा सकते हैं और न ही इसमें मुंह डालकर कचरा फैला सकते हैं। इससे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलने की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण मिलेगा। कांवड़ पटरी मार्ग पर हजारों श्रद्धालु इस स्मार्ट सोलर बिन का उपयोग कर रहे हैं।

ट्रायल के दौरान इसके परिणाम अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं तथा श्रद्धालुओं ने भी इस नई व्यवस्था की सराहना की है। नगर निगम का मानना है कि यदि यह ट्रायल पूरी तरह सफल रहता है, तो आगामी चरण में इस स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट बिन को नगर के प्रमुख बाजारों, घाटों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी स्थापित किया जाएगा। ट्रायल के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील मलिक, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक रूपाली सहित नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply