व्यापारियों ने चीनी इलेक्ट्रोनिक सामान तोड़कर जताया विरोध

Politics
Spread the love

कमल खड़का

हरिद्वार, 18 जून। चंद्राचार्य चौक व्यापार मण्डल के व्यापारियों ने चाईना में बनी वस्तुओं का विरोध करते हुए चंद्राचार्य चौक पर एलईडी टीवी व अन्य इलेक्ट्रोनिक सामान तोड़कर रोष जताया। व्यापार मण्डल के तहसील अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने कहा कि चीन में बनी वस्तुओं का प्रयोग भारत के लोगों को नहीं करना चाहिए। चीन भारत देश में अपना सामान बेचकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहा है। सीमा पर चीनी सैनिक लगातार सीमाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों पर धोखे से हमला किया। जिसमें कई बहादुर सैनिक शहीद हो गए।  भारतीय सैनिक हर चुनौती का माकूल जवाब देने में समर्थ हैं।

चीन की इस कायरतापूर्ण हरकत का कड़ा जवाब भारत सरकार को देना चाहिए। मृदुल कौशिक ने कहा कि भारत की सैन्य शक्ति के आगे चीन कहीं भी टिक नहीं पाएगा। कायरतापूर्ण रवैया अपनाकर चीन बार बार सीमाओं में घुसपैठ कर रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुनील गुलाटी व अनूप सिंह सिद्धू ने कहा कि केंद्र सरकार को चीन से सारे रिश्ते खत्म कर लेने चाहिए। व्यापारिक गतिविधियां भी पूर्ण रूप से बंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चीनी उत्पादों की बिक्री भारत में नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक व्यापारी को संकल्प लेकर चीनी उत्पादों का विरोध करना होगा। बीस सैनिकों की शहादत को किसी भी रूप में जाया नहीं जाने दिया जाएगा।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन को सबक सिखाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना करें। वीर शहीद सैनिकों का पूरा देश सम्मान कर रहा है। उनके परिवारों को भी सरकार को उचित मुआवजा देना चाहिए। चीनी उत्पादों का विरोध करने वालों में दीपक अग्रवाल, संजय द्विवेदी, सतनाम भाटिया, विनय अग्रवाल, देवेंद्र कुमार, आलम, बबलू, निखिल अग्रवाल, प्रियव्रत गुप्ता, सचिन गुप्ता, तरूण गुप्ता, नितिन शर्मा आदि ने भी चीन के सामान ना खरीदने का संकल्प दोहराया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *