युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया सिंचाई विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन

Haridwar News
Spread the love


सिडकुल धनौरी मार्ग की हालत सुधारने की मांग की
हरिद्वार, 25 सितम्बर। क्षतिग्रस्त सिडकुल धनौरी मार्ग हालत सुधारने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अबरार अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सिडकुल धनौरी मार्ग वर्षों से सिडकुल धनौरी मार्ग क्षतिग्रस्त है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए है। इसके बावजूद सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है।

जिला उपाध्यक्ष अबरार अली ने कहा कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त सिडकुल धनौरी मार्ग पर रोजाना ग्रामीण चोटिल हो रहे हैं। बरसात में सड़क के गड्ढों में जलभराव हो जाता है। रात में सड़क पर चलना भी मुश्किल हो जाता है। अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। गड्ढों को भरकर प्रशासन अपना पल्ला झाड़ लेता है। उन्होंने कहा कि अधिशासी अभियंता ने सड़क की हालत सुधारने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया है।

यदि निर्धारित समय में सड़क की हालत नहीं सुधरी तो कार्यालय पर ताला जड़ दिया जाएगा। सोशल मीडिया संयोजक महबूब अली व तनु वालिया ने कहा कि कुंभ के नाम पर पैसों की बंदरबांट की जा रही है। पैसा जहां लगना चाहिए वहां नहीं लगाया जा रहा है। सिडकुल धनौरी मार्ग पर रोजाना हजारों की संख्या में वाहन चलते हैं। लेकिन क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है।

अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि सड़क के गड्ढे भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बारिश के कारण कार्य नहीं हो पाया था। 30 नवम्बर तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में इदरीश मंसूरी, मासूम, दानिश, सागर, जोएब, साहिल, नौशाद, अहमद, सनव्वर, इमरान, राकेश, नईम, गुलशनव्वर आदि शामिल रहे।

Leave a Reply