तनवीर
हरिद्वार, 13 फरवरी। शराब के नशे में पुलिस को लूट की झूठी सूचना देना युवक को भारी पड़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने नशे में कार चलाते मिले युवक का मेडिकल कराने के बाद एमवी एक्ट में गिरफतार करने के साथ कार को भी सीज कर दिया। घटना थाना श्यामपुर क्षेत्र की है। बीती रात एक युवक ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उससे 10,000 रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए हैं। सूचना पर रात्रि अधिकारी अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो कॉल करने वाला युवक जयंत मंमगई निवासी श्यामपुर शराब के नशे में कार चलाता मिला।
पूछताछ करने पर वह घटना के संबंध में विरोधाभासी बयान देने लगा। स्थानीय लोगों से पूछताछ और सख्ती से जांच करने पर पता चला कि लूट की कोई घटना हुई ही नहीं थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नशे की हालत में पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी सूचना दी थी। झूठी सूचना देने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया व घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार को भी सीज कर दिया। पुलिस टीम में कांस्टेबल मनोज रतूड़ी, कांस्टेबल चालक मोहन सिंह रावत, होमगाड्र नितिन कुमार शामिल रहे।


