सोनिया बस्ती में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम ने करायी मुनादी

Haridwar News
Spread the love

तनवीर
हरिद्वार, 28 मार्च। ज्वालापुर क्षेत्र के वार्ड 42 स्थित सोनिया बस्ती में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम ने शनिवार को क्षेत्र में मुनादी करायी। नगर निगम के अनुसार क्षेत्र में गंदगी और सफाई व्यवस्था में आ रही बाधाओं को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम की और स्पष्ट किया गया है कि वार्ड पार्षद कृतिका सिंह ने सोनिया बस्ती क्षेत्र में गंदगी की शिकायत की थी। शिकायत के पश्चात नगर निगम अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में सामने आया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों द्वारा अवैध रूप से निवास किए जाने के कारण अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है।

अतिक्रमण के चलते नगर निगम के सफाई वाहन जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पा रहे थे। जिसके कारण नियमित और प्रभावी सफाई कार्य बाधित हो रहा था। नगर निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में सोनिया बस्ती क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाकर सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की और से स्थानीय निवासियों से सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की गयी है।