तनवीर
हरिद्वार।अवैध नशा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे खड़ी कार में बैठे एक संदिग्ध से 980 ग्राम अवैध हैरोइन बरामद की है। बरामद हैरोइन की बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
लाठरदेवा अंडरपास पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार 06.07.2026 को गंगनहर पुलिस टीम चेकिंग के दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास एक कार में बैठे संदिग्ध व्यक्ति को देखकर रुकवाई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा। घेराबंदी कर पकड़ने पर सख्ती से पूछताछ और तलाशी ली गई।
तलाशी में आरोपी की कार के डैशबोर्ड में पन्नी में रखी 980 ग्राम अवैध हैरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब से लाकर रूड़की में बेचने आया था तस्कर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरनतारन, पंजाब उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से किसी नशा तस्कर से यह हैरोइन खरीदकर रूड़की में बेचने लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में मुकदमा एनडीपीएस अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
नशा खरीदने और बेचने वालों पर भी कसेगा शिकंजा
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस केवल तस्करों पर ही नहीं, बल्कि नशा खरीदने और बेचने वाले सभी लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई करेगी।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार, उ.नि. पंकज कुमार, हेड कान्सटेबल युनुस बेग, हेड कान्सटेबल अशोक तिवारी, कान्सटेबल देवेश सिंह और कान्सटेबल नितिन कुमार शामिल रहे।


