श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने जिला कारागार में किया गंगा कथा का आयोजन

Dharm
Spread the love


हरिद्वार, 1 अगस्त। श्री अखंड परशुराम अखाड़े द्वारा जिला कारागार रोशनाबाद में आयोजित गंगा कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया गया। प्रथम दिवस की कथा का श्रवण कराते हुए कथाव्यास आचार्य संजय कृष्ण शास्त्री ने बताया कि इस आध्यात्मिक आयोजन का उद्देश्य बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, आत्मचिंतन, नैतिक मूल्यों तथा आध्यात्मिक चेतना का संचार करना है। कथा के माध्यम से मां गंगा के पावन स्वरूप, भारतीय सनातन संस्कृति, सेवा, सदाचार, करुणा और आत्मपरिवर्तन का संदेश दिया जाएगा।

श्री अखंड परशुराम अखाडा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में सद्कर्म, भक्ति और आत्मविश्वास के बल पर नई शुरुआत कर सकता है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से निश्चित रूप से बंदियों की मनोदशा में परिवर्तन होगा। जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने कहा कि मां गंगा की कथा का यह आयोजन बंदियों के जीवन में नई आशा, आत्मबल एवं सकारात्मक सोच का संचार करेगा तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से पुनः जुड़ने की प्रेरणा देगा।

इस दौरान भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री, जलज कौशिक, स्वामी कार्तिक गिरी, शीतल पंडित, विष्णु शास्त्री, सत्यम शर्मा, बृजमोहन शर्मा, मनोज ठाकुर, सोमेश खत्री आदि ने व्यासपीठ का पूजन कर कथाव्यास से आशीर्वाद लिया।

Leave a Reply