नगर निगम ने गंगा घाटों पर तैनात किए स्वच्छता दूत

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 1 अगस्त। कांवड़ मेल के दौरान गंगा घाटों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने अभिनव पहल करते हुए घाटों पर स्वच्छता दूत तैनात किए हैं। नगर आयुक्त के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वच्छता दूत मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं तथा घाटों पर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं।

श्रद्धालुओं से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा केवल कूड़ेदानों में ही डालने, गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतल, बचा हुआ भोजन अथवा अन्य किसी प्रकार का कचरा न डालने का अनुरोध किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त घाटों पर प्लास्टिक की चटाई, प्लास्टिक शीट एवं पॉलिथीन का उपयोग न करने तथा भंडारा अथवा भोजन वितरण के उपरांत पत्तल, दोने, गिलास, बोतल एवं अन्य अपशिष्ट स्वयं उठाकर निर्धारित कूड़ेदानों में डालने की भी अपील की जा रही है।

भोजन ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं को भी कूड़ा इधर-उधर न फैलाने और कूड़ेदानों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, नगर निगम की टीम तथा डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था के स्वयंसेवी शामिल रहे।

Leave a Reply